राम मंदिर जाने से पहले ग्रह-नक्षत्रों का हिसाब लगा रहे अखिलेश, ब्राह्मण समाज से निकलवाया शुभ मुहूर्त
12 दिसंबर को अयोध्या जाने का है कार्यक्रम, पत्नी डिंपल यादव के साथ करेंगे रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या स्थित राम मंदिर जाने का कार्यक्रम अब ग्रह-नक्षत्रों की गणना के आधार पर तय होगा। रामलला के दर्शन के लिए शुभ मुहूर्त निकलवाने की जिम्मेदारी ब्राह्मण समाज के लोगों को दी गई है। शुक्रवार को लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने खुद इसकी जानकारी दी।
अखिलेश यादव ने बताया कि सपा के पूर्व विधायक पवन पांडेय ने ब्राह्मण समाज के कई लोगों से इस संबंध में विचार-विमर्श किया है। सूर्य और चंद्रमा की स्थिति के साथ ग्रह-नक्षत्रों की गणना कर दर्शन का शुभ समय निर्धारित किया जा रहा है। अखिलेश ने इस सवाल का जवाब हल्के-फुल्के अंदाज में दिया, लेकिन उनके इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में एक बार फिर राम मंदिर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
दरअसल, सात नवंबर को सपा नेता पवन पांडेय ने घोषणा की थी कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे। इस दौरान वह अपनी पत्नी एवं सांसद डिंपल यादव के साथ पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे और इसके बाद रामलला के दरबार में पहुंचेंगे। जनवरी 2024 में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अखिलेश यादव की यह पहली मंदिर यात्रा होगी।
राम मंदिर को लेकर भाजपा-सपा में सियासी घमासान
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर भाजपा लगातार हमलावर है। भाजपा नेता उन पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते रहे हैं। वहीं, अखिलेश यादव राम मंदिर में चंदे के कथित प्रबंधन को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अखिलेश के प्रस्तावित दौरे पर तंज कस चुके हैं। उन्होंने कहा था कि रामभक्तों पर गोली चलवाने और संतों पर लाठीचार्ज कराने वालों को अयोध्या आने से पहले माफी मांगनी चाहिए।
विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव का राम मंदिर दर्शन का कार्यक्रम और अब शुभ मुहूर्त को लेकर ब्राह्मण समाज से परामर्श का मामला प्रदेश की सियासत में नई चर्चा का विषय बन गया है।

