यूपी विधानसभा चुनाव 2027: निर्वाचन आयोग ने तेज की तैयारियां, गोरखपुर में पांच मंडलों की होगी समीक्षा
सशक्त न्यूज
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोग की टीम 26 और 27 नवंबर को गोरखपुर का दौरा करेगी। इस दौरान प्रदेश के पांच मंडलों की तैयारियों का जायजा लिया जाएगा।
आयोग की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। संबंधित जिलों के अधिकारी निर्वाचन तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इसमें मतदाता सूची का पुनरीक्षण, मतदान केंद्रों की व्यवस्था, ईवीएम-वीवीपैट की तैयारी, निर्वाचन कार्मिकों का प्रशिक्षण और कानून-व्यवस्था से जुड़े विषय प्रमुख रहेंगे।
इससे पहले निर्वाचन आयोग की ओर से मेरठ में चार मंडलों के 18 जिलों और आगरा में पांच मंडलों के 21 जिलों की तैयारियों की समीक्षा की जा चुकी है। गोरखपुर के बाद लखनऊ में भी समीक्षा बैठक प्रस्तावित है। सभी मंडलों की समीक्षा पूरी होने के बाद दिसंबर में भारत निर्वाचन आयोग का पूर्ण आयोग लखनऊ पहुंचकर प्रदेश स्तरीय तैयारियों का जायजा लेगा।
निर्वाचन आयोग का जोर चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए समय रहते प्रशासनिक एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने पर है।

