भव्य गंगा आरती और दीपदान के साथ राजकीय कार्तिक पूर्णिमा मेले का आगाज
काशी की तर्ज पर लेजर शो और हजारों दीपों की रोशनी से जगमगाया वीआईपी घाट, श्रद्धालु हुए भावविभोर
सशक्त न्यूज
रायबरेली। ऐतिहासिक नगरी डलमऊ में सोमवार शाम आस्था और भव्यता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ऐतिहासिक वीआईपी घाट पर भव्य गंगा आरती और दीपदान के साथ राजकीय कार्तिक पूर्णिमा मेले एवं डलमऊ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। काशी की तर्ज पर आयोजित महाआरती में वाराणसी से आए आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ मां गंगा की आरती उतारी। हजारों दीपों की जगमगाहट और आकर्षक लेजर शो ने घाट की छटा को अलौकिक बना दिया। इस अद्भुत दृश्य को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
समारोह में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय और राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ मां गंगा की आरती उतारी और दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। धार्मिक अनुष्ठान में स्थानीय तीर्थ पुरोहितों ने भी वैदिक मंत्रों के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम में सलोन विधायक अशोक कोरी, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, नगर पंचायत अध्यक्ष पं. बृजेश दत्त गौड़ और अधिशासी अधिकारी सिकंदरादित्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। गंगा आरती के साथ ही मेले और महोत्सव की रौनक बढ़ गई। धार्मिक नगरी में शुरू हुए इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

