बेटी के तिलक की तैयारियों के बीच उठी पिता की अर्थी, सड़क हादसे में नीरज की दर्दनाक मौत
सशक्त न्यूज
लालगंज। घर में बेटी के तिलक समारोह की तैयारियां चल रही थीं। परिवार खुशियों के इंतजार में था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। समारोह से ठीक एक दिन पहले सड़क हादसे में परिवार के मुखिया की मौत ने खुशियों वाले घर को मातम में बदल दिया। हादसे के बाद पत्नी और तीन मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्र के ग्राम पूरे टोड़ी मजरे सेमरपहा निवासी नीरज सिंह गुरुवार शाम करीब सात बजे बाइक से लालगंज से गेंगासो की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पूरे दिर्गज मजरे लालूमऊ गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नीरज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
नीरज सिंह अपने पीछे पत्नी नीलम, दो बेटियां हर्षिता और तान्या तथा पुत्र विराट सिंह को छोड़ गए हैं। जिस घर में बेटी के तिलक समारोह की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। बेटी का तिलक अगले दिन जाना था, लेकिन उससे पहले ही पिता की मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। पत्नी नीलम, भाई पंकज सिंह समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। वहीं कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र मिलने पर दुर्घटना का मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

