फिर महंगी हुई चीनी, आम आदमी की जेब पर बढ़ा बोझ; कीमतों पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने बढ़ाई आयात की मोहलत
सप्लाई में कमी और उत्पादन घटने से बाजार में बढ़े दाम, मार्च 2027 तक शुल्क मुक्त कच्ची चीनी के आयात की अनुमति
सशक्त न्यूज
नई दिल्ली। महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को चीनी की बढ़ती कीमतों ने एक और झटका दिया है। घरेलू बाजार में चीनी के दाम लगातार ऊंचे बने हुए हैं। उत्पादन में कमी, आपूर्ति को लेकर चिंता और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव ने सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात को देखते हुए केंद्र सरकार ने चीनी की उपलब्धता बढ़ाने और कीमतों पर नियंत्रण रखने के लिए आयात की समयसीमा बढ़ाने का फैसला किया है।
दरअसल, चालू सीजन में चीनी उत्पादन को लेकर अनुमान कमजोर रहने से बाजार में आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में कम बारिश का असर गन्ने की पैदावार पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, त्योहारों के दौरान बढ़ी मांग और पिछले सीजन के मुकाबले कम उपलब्धता ने भी कीमतों को ऊपर बनाए रखा है।
उपभोक्ता मामलों के विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 24 नवंबर को चीनी का औसत खुदरा भाव करीब 60.85 रुपये प्रति किलो रहा। यह पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले लगभग 32 प्रतिशत अधिक है। ऐसे में रसोई से लेकर मिठाई और खाद्य पदार्थों के कारोबार तक इसका असर दिखाई दे रहा है।
सरकार ने आपूर्ति बढ़ाने के लिए शुल्क मुक्त आयात की व्यवस्था को आगे बढ़ाया है। इसके तहत टैरिफ रेट कोटा (टीआरक्यू) के अंतर्गत 10 लाख मीट्रिक टन कच्ची चीनी के आयात की अनुमति अब 31 मार्च 2027 तक रहेगी। पहले यह समयसीमा 31 दिसंबर 2026 निर्धारित थी। सरकार का प्रयास है कि आयातित कच्ची चीनी को मिलों में प्रसंस्कृत कर घरेलू बाजार में उपलब्ध कराया जाए।
इससे पहले अगस्त में भी सरकार ने 10 लाख मीट्रिक टन कच्ची चीनी के शुल्क मुक्त आयात को मंजूरी दी थी। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय कीमतों और घरेलू बाजार के बीच अंतर के चलते अब तक इसका पूरा लाभ नहीं मिल पाया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, स्वीकृत मात्रा में से करीब तीन लाख मीट्रिक टन चीनी ही आयात के लिए भेजी जा सकी थी, जबकि लगभग 1.5 लाख मीट्रिक टन चीनी मिलों तक पहुंची थी।
सरकार की नजर अब चीनी के उत्पादन, आयात और बाजार में उपलब्ध स्टॉक पर है। इसके साथ ही जमाखोरी रोकने और बाजार में पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है। हालांकि, आम उपभोक्ताओं को चीनी की कीमतों में राहत कब मिलेगी, यह नई फसल की आवक और आयातित चीनी की उपलब्धता पर निर्भर करेगा।

