सशक्त न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के संगम विहार में सब्जी में नमक कम होने की बात पर शुरू हुआ पति-पत्नी का विवाद इतना बढ़ गया कि घर में गोली चल गई। आरोप है कि शराब के नशे में धुत पति कमलेश ने अपनी पत्नी पूनम (31) को देसी कट्टे से गोली मार दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के वक्त दंपती के तीन बच्चे भी घर में मौजूद थे।
पहले झगड़ा, फिर चली गोली
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे तिगड़ी इलाके में कमलेश और पूनम के बीच सब्जी में नमक को लेकर कहासुनी हुई। बताया गया कि कमलेश शराब के नशे में घर आया था। विवाद बढ़ने पर उसने कथित तौर पर पत्नी को गोली मार दी। गोली लगने के बाद पूनम के पेट से खून बहने लगा। पुलिस के अनुसार, उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
गोली की आवाज सुन दौड़े पड़ोसी
गोली चलने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घर की ओर दौड़े। दरवाजा अंदर से बंद था और काफी देर तक खटखटाने के बावजूद नहीं खुला। इसी बीच अंदर से बच्चों के रोने की आवाज सुनाई दी। पड़ोसियों के दबाव के बाद कमलेश ने दरवाजा खोला और कथित तौर पर कहा कि पूनम ने खुद को गोली मार ली है। उसकी बात पर लोगों को शक हुआ।
कमलेश वहां से निकलने की कोशिश करने लगा, लेकिन पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
छह महीने पहले ही यूपी से दिल्ली आया था परिवार
पुलिस के मुताबिक, कमलेश मूलरूप से उत्तर प्रदेश के एटा जिले का रहने वाला है। करीब छह महीने पहले ही वह पत्नी और बच्चों के साथ संगम विहार में रहने आया था। वह वेल्डिंग का काम करता था। पुलिस का कहना है कि दंपती के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता था।
पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि कमलेश के पास देसी कट्टा कहां से आया। साथ ही पत्नी की हत्या के बाद खुदकुशी की झूठी कहानी बताने के पीछे उसकी क्या मंशा थी, इसकी भी जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

