डीसीएम से टपक रहा था खून, डाला खुलते ही सड़क पर गिर पड़ीं दो भैंसें; अंदर का नजारा देख दंग रह गए लोग
दो दर्जन भैंसों को रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंसकर भरा था, विरोध करने पर युवक को मिली जान से मारने की धमकी
सशक्त न्यूज, रायबरेली। बेजुबानों पर क्रूरता की हद पार कर दी गई। एक डीसीएम में दो दर्जन भैंसों को इस कदर ठूंसकर लादा गया था कि उनकी गर्दन तक रस्सियों से ट्रक की बॉडी में बांध दी गई थीं। सफर के दौरान मवेशियों की हालत ऐसी हुई कि ट्रक से खून टपकने लगा। सड़क पर खून की बूंदें देखकर एक बाइक सवार युवक को अनहोनी की आशंका हुई। उसने हिम्मत दिखाते हुए डीसीएम रुकवा ली। जब ट्रक का डाला खुला तो अंदर का नजारा देखकर लोग सन्न रह गए। डाला खुलते ही दो भैंसें सड़क पर आ गिरीं। इस दौरान ट्रक सवार लोगों ने युवक को जान से मारने तक की धमकी दी।
घटना लालगंज-फतेहपुर नेशनल हाईवे की है। ऊंचाहार थाना क्षेत्र के भुसई का पुरवा मजरे इटौरा बुजुर्ग निवासी आदित्य शुक्ला रविवार सुबह करीब 10 बजे कानपुर से बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में आगे चल रही डीसीएम से खून टपकता देखकर उन्होंने वाहन रुकवा लिया और मामले की सूचना लालगंज पुलिस को दी।
आदित्य के मुताबिक, डीसीएम में सवार तीन लोगों ने पहले उन्हें डराने की कोशिश की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि शाहनवाज नाम का व्यक्ति उन्हें मरवा देगा, इसलिए गाड़ी जाने दें। लेकिन आदित्य ने हिम्मत नहीं हारी और ट्रक का डाला खुलवाने की जिद पर अड़े रहे। डाला खुलते ही दो दर्जन भैंसों को रस्सियों से बुरी तरह बंधा और अमानवीय तरीके से लदा देखकर लोगों का कलेजा कांप उठा। मवेशियों की गर्दन ट्रक की बॉडी के सहारे बांधी गई थीं। डाला खुलते ही दो भैंसें सीधे सड़क पर गिर पड़ीं।
मौके पर पहुंचकर उपनिरीक्षक निखिल यादव ने जांच-पड़ताल की। ट्रक चालक की पहचान अंकित पुत्र राजेंद्र निवासी नबीपुर, थाना अकबरपुर, कानपुर नगर के रूप में हुई। चालक ने बताया कि डीसीएम में अलीगढ़ निवासी व्यापारी मुन्ना और एक मजदूर भी सवार थे, जो भीड़ बढ़ती देखकर मौके से भाग निकले। मवेशियों को अजुहा बाजार से लादकर उन्नाव ले जाया जा रहा था।
कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। बरामद मवेशियों को ग्रामीणों की सुपुर्दगी में दिया जाएगा।

