ऊँचाहार: छत के रास्ते घर में घुसे चोर, नकदी और जेवरात ले उड़े; पुलिस कर रही छानबीन
सशक्त न्यूज
रायबरेली: ऊँचाहार के बहादुरगंज मजरे कोटराबहादुरगंज गाँव में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया और छत के रास्ते अंदर घुसकर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला रामपति गाँव के अपने मकान में अकेली रहती हैं, जबकि उनका बेटा और बहू खेत में बने दूसरे मकान में रहते हैं। शनिवार की सुबह जब रामपति घर के कमरे में गईं, तो उन्होंने देखा कि बक्से की कुंडी टूटी हुई है और सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा है।
चोरों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश कर इस घटना को अंजाम दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित महिला द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, चोरों ने दो हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए हैं।
कोतवाल मनबोध तिवारी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

