अस्पताल में ताले, टूटे बेड और बाहर की दवाएं… DG साहब का पारा सातवें आसमान पर, दो अफसरों का वेतन रोकने के आदेश
रात 8:30 बजे सीएचसी पहुंचे महानिदेशक, महिला वार्ड की बदहाली देख बोले- इतनी अच्छी सीएचसी को बर्बाद करके रख दिया
सशक्त न्यूज
रायबरेली। लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्थाओं की पोल उस समय खुल गई, जब चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अचानक निरीक्षण करने पहुंच गए। अस्पताल में शौचालयों पर लटकते ताले, वार्ड में टूटे बेड, फटे गद्दे, बिना चादर के बेड पर लेटी प्रसूताएं और मरीजों के पास बाहर से लिखी गई दवाएं देखकर महानिदेशक का पारा चढ़ गया। अव्यवस्थाओं पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए एसीएमओ और सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमल पटेल का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
रात करीब 8:30 बजे सीएचसी पहुंचे महानिदेशक ने सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड में रखी दवाओं की अलमारी का निरीक्षण किया। वहां सामान बेतरतीब ढंग से फैला देखकर उन्होंने नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. श्रीकृष्ण को फटकार लगाई और वेतन रोकने की बात कही। इस पर एसीएमओ ने बताया कि सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमल पटेल को कई बार व्यवस्थाएं सुधारने के लिए कहा गया, लेकिन उनकी कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं आया।
इसके बाद महानिदेशक भूतल पर बने शौचालय पहुंचे। वहां गंदगी, अंधेरा और बदहाल व्यवस्था देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। महिला वार्ड के निरीक्षण में दोनों शौचालयों पर ताले लटकते मिले। वार्ड में टूटे बेड और उन पर पड़े फटे गद्दे देखकर महानिदेशक भी हैरान रह गए। बिना चादर के बेड पर प्रसूताएं लेटी थीं। सिजेरियन के बाद भर्ती महिलाओं के पास बाहर से लिखी गई दवाएं भी मिलीं। वार्ड में बेड के पास ग्लूकोज की खाली बोतलें पड़ी थीं। अस्पताल में फैली गंदगी और रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त न होने पर भी उन्होंने जिम्मेदारों को फटकार लगाई।
महिला वार्ड में भर्ती मरीजों और तीमारदारों ने भी शौचालयों में ताला बंद रहने की शिकायत की। इस पर महानिदेशक ने एसीएमओ से अधीक्षक को बुलाने के लिए कहा, लेकिन वह अस्पताल में मौजूद नहीं मिले। बदहाल व्यवस्थाओं को देखकर महानिदेशक ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि इतनी अच्छी सीएचसी थी, जिसे बर्बाद करके रख दिया गया है।
इस दौरान अस्पताल में मौजूद भाजपा कार्यकर्ता यतीन सिंह चौहान ने अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन शुरू कराने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक और सर्जन की तैनाती की मांग उठाई। इस पर महानिदेशक ने सप्ताह में दो दिन अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सक की तैनाती कराने का आश्वासन दिया। गंगा एक्सप्रेसवे के चलते क्षेत्र में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं का हवाला देते हुए सर्जन की तैनाती का मुद्दा भी उठाया गया। महानिदेशक ने इस दिशा में भी व्यवस्था कराने की बात कही।
निरीक्षण की भनक लगते ही बदल गया अस्पताल का नजारा
महानिदेशक का निरीक्षण भले ही औचक रहा हो, लेकिन उनके पहुंचने पर अस्पताल की व्यवस्थाएं बदली-बदली नजर आईं। जिस स्ट्रेचर पर अक्सर बेडशीट तक नहीं रहती थी, उस पर चादर बिछी मिली। इमरजेंसी ड्यूटी के दौरान बार-बार अपने कमरों में जाने वाले चिकित्सक भी इस बार इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर के साथ अस्पताल परिसर में टहलते नजर आए। निरीक्षण के दौरान बदली इस तस्वीर ने अस्पताल की रोजमर्रा की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए।

